प्रवीण को उसकी मौत खींच लाई थी करावल नगर...
- ट्रॉनिका सिटी में अचार बनाने की फैक्टरी में जहरीली गैस से तीन लोगों की मौत का मामला
- प्रवीण पत्नी और बच्चों के साथ रहता है रोहिणी में, पत्नी सरकारी स्कूल में है टीचर
- पत्नी व बच्चों को लेकर माता-पिता से मिलने करावल नगर आया था प्रवीण
- घर में मातम का माहौल, सोमवार को परिवार अस्थियां लेकर गढ़ गंगा गया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गाजियाबाद की ट्रॉनिका सिटी के दौलत नगर कालोनी में रविवार सुबह जहरीली गैस की चपेट में आकर पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत के मामले में करावल नगर स्थित लवकुश जायसवाल के मकान पर सोमवार को मातम का माहौल था। लवकुश की पत्नी चंपा देवी (60) बार-बार गश खाकर गिर रही थीं। यही हाल प्रवीण की पत्नी पूजा का था। वह रोते-रोते बस यही रट लगा रही थी कि शायद प्रवीण की मौत ही उसे करावल नगर लेकर आई थी। दरअसल, पूजा रोहिणी की एक सरकारी स्कूल में शिक्षक है। इसलिए प्रवीण परिवार के साथ रोहिणी में ही रहता था। वह परिवार के को लेकर शनिवार शाम ही माता-पिता के पास आया था। यहां से वह पिता के साथ ट्रॉनिका सिटी चला गया और हादसे का शिकार हो गया।
अंकुर एंक्लेव व प्रकाश विहार आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राम निवास यादव ने बताया कि करीब 18 साल से लवकुश जायसवाल परिवार के साथ बी-22 प्रकाश विहार में रहते थे। परिवार में पत्नी चंपा देवी, दो बेटे प्रदीप (40) और प्रवीण (35) थे। प्रदीप के दो बच्चे हैं। लेकिन काफी समय से वह मानसिक रूप से बीमार चल रहा है। वहीं, प्रवीण अपनी कैब चलाता था। उसके दो बेटे दुग्गू (7) और नन्चू (5) हैं। लवकुश शुरुआत में तो वह घर पर ही अचार बनाते थे, लेकिन बाद में जगह कम होने के कारण उन्होंने अपनी फैक्टरी दौलत नगर कालोनी में शिफ्ट कर ली थी।
उधर, शनिवार को फैक्टरी में शिकायत मिलने के बाद प्रवीण कार लेकर माता-पिता के साथ अचार फैक्टरी आ गया था। फैक्टरी में बने टैंक को देखने के लिए लवकुश टैंक में उतरे तो वापस नहीं लौटे। बेटा प्रवीण पिता को देखने उतारा तो वह भी वापस नहीं लौटा। दोनों के अंदर फंसने पर चंपा ने शोर मचाना शुरू कर दिया। पड़ोसी हृदयराज दूबे (42) पहुंचे और पिता-पुत्र की खबर लेने टैंक में उतरे तो वह भी फंस गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बाद में टैंक से तीनों के शव निकाले गए। हृदयराज दूबे परिवार के साथ सोनिया विहार साढ़े पांच पुश्ता में रहते थे। उनका भी अचार बनाने का काम था। सोमवार को परिवार अस्थियां लेकर गढ़-गंगा, गढ़ मुक्तेश्वर गया था।