हड़ताली कर्मियों ने दिखाए काले झंडे
भाजपा के खिलाफ की नारेबाजी, पुलिसकर्मियों से भी नोकझोंक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । लंबित मांगों को लेकर पिछले छह दिनों से हड़ताल पर डटे सफाई व निगम कर्मियों ने सोमवार को विश्वास नगर सामुदायिक भवन के बाहर काले झंडे दिखाते हुए भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए पुलिसकर्मी भी भारी संख्या में मौजूद थे। दोनों पक्षों में नोंक झोंक भी हुई । सुबह इकट्ठे होने के बाद कर्मियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर स्वच्छता को लेकर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मनोज तिवारी व महेश गिरी के पहुंचने से पहले ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान मौजूद यूनियन के अध्यक्ष संजय गहलोत ने कहा कि निगम चुनावों से दिल्ली भाजपा के मुखिया मनोज तिवारी ने घोषणा पत्र के मुताबिक वायदों को पूरा नहीं किया। तीनों निगमों के एकीकरण और केंद्र से निगमों को फंड मुहैया नहीं कराया गया, जिससे कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। अध्यक्ष ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं पर अधिकारियों का जवाब होता है कि निगम में दिल्ली सरकार से पैसा नहीं आया, जबकि दिल्ली सरकार की दलील है कि राशि मुहैया की जा चुकी है। ऐसे में कर्मचारियों ने हम अबकी बार अंतिम बार के नारे के साथ मैदान में विरोध दर्ज करवाने को मजबूर हो गए। गहलोत ने कहा कि जब तक मांगे नही मानी जायेगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
आज गोपाल राय के कार्यालय पर करेंगे प्रदर्शन
निगम कर्मी मंगलवार को दिल्ली सरकार के श्रम मंत्री गोपाल राय के उनके बाबरपुर-सुदामापुरी स्थित कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे।
दिनोंदिन बदहाल हो रही है सफाई व्यवस्था
निगम कर्मियों की हड़ताल के कारण दिनोंदिन राष्ट्रीय राजधानी में तीनों एमसीडी क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था बदहाल होती जा रही है। इसका सर्वाधिक असर पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में दिखा। कर्मियों की हड़ताल के दौरान मांगों पर सुनवाई नहीं होने की वजह से हड़ताल लंबी होती जा रही है। हड़ताल के कारण तीनों निगमों में कमोबेश गंदगी सड़कों के इर्द गिर्द फैली होने की वजह से निगम अधिकारियों की भी सिरदर्दी बढ़ने लगी है।