डोर स्टेप डिलीवरी जोड़
दूसरे दिन 13,783 कॉल्स हुई कनेक्ट
- ऑपरेटर व फोन लाइन की संख्या बढ़ाई, आज भी किया जाएगा इजाफा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । डोर स्टेप डिलीवरी ऑफ सर्विसेज योजना के दूसरे दिन मंगलवार शाम 5 बजे तक कॉल सेंटर पर 13,783 कॉल्स कनेक्ट हुईं। इसमें से 4,758 कॉल्स का सेंटर से जवाब दिया गया। बाकी कॉल्स वेटिंग लाइन पर थीं, जिन्हें दोबारा कॉल की जा रही है। इसमें से करीब 8,101 को एसएमएस भेजा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आंकड़े दो दिनों के हैं। अभी तक 624 लोगों से मुलाकात का समय दिया गया है। जबकि मोबाइल सहायकों ने 74 लोगों से मुलाकात की।
अधिकारी बताते हैं कि मुख्यमंत्री ने मंगलवार को योजना की समीक्षा बैठक की। इसमें दिल्ली कैबिनेट के सभी मंत्री व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इसमें बताया गया कि ट्रैफिक ज्यादा होने से सोमवार को 21,000 कॉल्स कनेक्ट नहीं हो पाईं । इसे देखते हुए दूसरे दिन आपरेटर की संख्या 40 से बढ़ाकर 80 व फोन लाइन की संख्या 50 से 120 कर दी गई है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत से हिसाब से बुधवार को ऑपरेटरों और फोन लाइनों की संख्या बढ़ाई जाए। ऑपरेटरों की संख्या 150 व फोन लाइन की 200 तक करनी हैं। इससे आवेदकों को सहूलियत होगी।