सीलिंग के खिलाफ व्यापार बचाओ-मजदूर बचाओ रैली करेगी कांग्रेस
नई दिल्ली । गैर कानूनी सीलिंग के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस ने अब न्याय युद्ध के तीसरे चरण में ‘व्यापार बचाओ-मजदूर बचाओ रैली’ करने का निर्णय लिया है। अभियान समिति के संयोजक मुकेश शर्मा ने कहा कि करोलबाग की रैली में कांग्रेस न्याय युद्ध को नई दिशा देते हुए गैर कानूनी सीलिंग के खिलाफ सख्त और सीधी कार्रवाई करने का ऐलान करेगी।
यह जानकारी अभियान समिति के संयोजक मुकेश शर्मा, युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ब्रहम यादव व करोल बाग जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन खोरवाल ने संवाददाता सम्मेलन में दी। सीलिंग सहित गैर कानूनी तरीके से पेनाल्टी व कन्वर्जन शुल्क वसूली के खिलाफ भी मोर्चा खोला। मुकेश शर्मा ने कहा कि नगर निगम ने 2000 करोड़ से भी ज्यादा की राशि राजधानी से वसूली है, जो न केवल गैर कानूनी है बल्कि तयशुदा नियमों के खिलाफ भी है। कांग्रेस इस पैसे का हिसाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि करोल बाग में रैली सीलिंग को रोकने के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इसके लिए 200 छोटी बड़ी नुक्कड़ सभा, अगले तीन दिन में की जाएगी। इसके अलावा पार्टी ने रैली के प्रचार के लिए पांच रथ बनवाए गए हैं। ब्यूरो