ग्रामीणों ने नाली निर्माण रोक किया प्रदर्शन
-लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार पर घटिया सामग्री के इस्तेमाल का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
दनकौर। ब्लाक के जुनैदपुर-रोशनपुर चौराहे पर बनाई जा रही सीवर की नाली का निर्माण कार्य ग्रामीणों ने सोमवार को रोक दिया। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार पर घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। आरोप है, कि नाली निर्माण के बाद से ही टूटने लगी हैं।
जुनैदपुर निवासी मुन्नीलाल नागर ने बताया कि इस समय गांव के पानी के निकास के लिए नालियों का लोक निर्माण विभाग करा रहा है। लेकिन ठेेकेदार निर्माण कार्य में घटिया सीमेंट, रोड़ी, डस्ट आदि का इस्तेमाल कर रहा है। इसके चलते जिस नाली का निर्माण हो गया है, वह काम पूरा होने से पहले ही टूटने लगी है। ग्रामीणों ने मानकों के अनुरूप निर्माण सामग्री लगाकर नाली बनाने की मांग की और चेतावनी दी कि वह बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर जांच व कार्रवाई की मांग करेंगे। इस मौके पर इंद्रजीत नागर, दिनेश नागर, प्रेम प्रधान, कृष्ण कुमार, कपिल नागर, राकेश कुमार, रोहित कुमार, तिलक नागर और केशाराम आदि कई ग्रामीण मौजूद रहे।