पीड़िता के नहीं हुए बयान, शांति भंग की कार्रवाई
घरेलू विवाद में तेजाब पिलाने के आरोप का मामला
भाई ने वीडियो जारी कर न्याय की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। ससुराल और मायके पक्ष के बीच हुए झगड़े के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों पर शांति भंग करने की कार्रवाई की है। वहीं, पीड़िता के बयान के लिए पुलिस सफदरजंग अस्पताल भी पहुंची, लेकिन उसके बयान नहीं हो पाए। पुलिस तेजाब पिलाने की घटना को अभी भी संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़िता के भाई ने एक वीडियो जारी कर न्याय की मांग की है।
सुनपुरा निवासी अकरम ने सफदरजंग अस्पताल में भर्ती बहन रेशमा के पास बैठकर एक वीडियो जारी किया है। उसका कहना है कि उसके भाई असलम के ससुराल पक्ष के लोगों के जबरन तेजाब पिलाने के कारण उसकी बहन रेशमा बोल नहीं पा रही है। इसके कारण वह पुलिस को भी बयान नहीं दे पाई है। वहीं, पुलिस ने उसके परिवार के दो लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग करने की कार्रवाई की है। वहीं, तेजाब वाले मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
इस संबंध में ईकोटेक-3 तीन थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह का कहना है कि तेजाब पिलाने की घटना संदिग्ध लग रही है। हालांकि इस मामले में मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में अभी कोई तहरीर भी नहीं मिली है।