हादसे के दिन सोसायटी में हुई थी मॉकड्रिल
नई दिल्ली। मोती नगर के पॉश इलाके में बने कैपिटल ग्रीन डीएलएफ टॉवर में रविवार को आपदा प्रबंधन ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मॉकड्रिल का आयोजन किया था। लेकिन सोसायटी की रखरखाव करने वाली एजेंसियों ने इससे सबक नहीं लिया और रविवार को ही यहां हादसा हो गया। यह मॉक ड्रिल सुबह से दो बजे तक चली थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक 26 माले की सुरक्षा को लेकर ही आपदा प्रबंधन के अधिकारियों ने सोसायटी में मॉकड्रिल आयोजित किया था। इसमें सुरक्षा एजेंसियों को टैंक की सफाई से जुड़ी सावधानियों की जानकारी दी गई थी। इसके अलावा भूकंप, आग से निपटने, आतंकी हमले से बचने आदि के बारे में भी बताया गया था। लेकिन एजेंसियों ने इन उपायों पर अमल नहीं किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में पता चला है कि हादसे के शिकार लोग दो निजी कंपनियों के कर्मचारी थे।