रक्षाबंधन मनाने के बाद पुस्तक
मेले में पहुंचे दिल्लीवासी
- दूसरे दिन रविवार को मेेले में उमड़ी पाठकों की भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रगति मैदान में चल रहे दिल्ली पुस्तक मेले में दूसरे दिन रविवार को रक्षाबंधन के मौके पर पाठकों की काफी भीड़ उमड़ी। इस बीच बाल पाठकों ने जमकर अपनी पसंदीदा पुस्तकों की खरीदारी की। मेले में साहित्य की पुस्तकों समेत पाठकों ने अन्य विषयों की पुस्तकों में भी जमकर रुचि ली।
दिल्ली पुस्तक मेले में रविवार को सुबह के समय पाठकों की भीड़ कम रही, लेकिन दोपहर होते-होते पाठकों की संख्या में काफी इजाफा हुआ। पाठक रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने के बाद अपनी पसंदीदा पुस्तकों को खरीदने के लिए मेले में पहुंचे। कॉलेज की छात्रा चंचल ने बताया कि उन्होंने पहले अपने भाई को राखी बांधकर रक्षाबंधन मनाया और उसके बाद वह अपनी सहेलियों के साथ पुस्तक मेले में पुस्तकें खरीदने के लिए पहुंची। उन्होंने कहा कि मेले में एक ही छत के नीचे सभी विषयों की पुस्तकें मिल जाती हैं, इसलिए उन्हें पुस्तक मेले से पुस्तकें खरीदना पसंद है।
वहीं, क्षितिज ने बताया कि इस बार पुस्तक मेले में जगह की कमी के कारण पुस्तकों के स्टॉल काफी कम हैं, लेकिन फिर भी उन्हें अपनी पसंदीदा पुस्तकें मिल गईं। उन्होंने कहा कि मेले में इस बार उन्हें अटल जी की पुस्तकों से भी रू-ब-रू होने का मौका मिला। उन्हें पुस्तकों से बेहद लगाव है, इसलिए वह त्योहार होने के बावजूद पुस्तकें खरीदने पहुंचे। उधर, पुस्तक मेले में बाल पाठकों ने रोचक कहानियों और कॉमिक बुक खरीदने के साथ-साथ पेंटिंग के सामान की खरीदारी में खासी रुचि दिखाई।