रक्षाबंधन पर बहनों को दिल्ली मेट्रो का तोहफा
-शनिवार और रविवार को सभी लाइनों पर लगेंगे मेट्रो के अतिरिक्त फेरे
-डीएमआरसी ने की तैयारियां पूरी, बहनों के लिए कड़ी सुरक्षा के इंतजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों की सुविधा के लिए शनिवार और रविवार को सभी रूटों पर अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इससे भाइयों को राखी बांधने के लिए घर से निकलने वाली बहनों को मेट्रो ट्रेनों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इतना ही नहीं जिन सेक्शन पर रविवार को आठ बजे से मेट्रो सेवा से शुरू होती है, वहां सुबह आठ बजे से मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी।
डीएमआरसी के मुताबिक रक्षाबंधन के मौके पर बहनों को उनके भाइयों के पास पहुंचने में देरी का सामना न करना पड़े, इसलिए दिल्ली मेट्रो प्रबंधन ने महिलाओं के लिए खास तौर पर तैयारियां की हैं। शनिवार को 253 और रविवार को 598 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इस बीच बहनों को मेट्रो स्टेशनों पर ट्रेनों की नियमित समय सारणी की अपेक्षा कम अंतराल में मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी।
डीएमआरसी का कहना है कि जहांगीरपुर-समयपुर बादली, मुंडका-सिटी पार्क, बदरपुर बॉर्डर-एस्कॉर्ट मुजेसर, मजसिल पार्क-लाजपत नगर और जनकपुरी वेस्ट-बॉटेनिकल गार्डन सेक्शन पर आम रविवारों को सुबह 8 बजे मेट्रो सेवा शुरू होती है, लेकिन रक्षाबंधन पर बहनों की सुविधा के लिए सुबह 6 बजे से मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी, क्योंकि जो बहनें सुबह जल्दी अपने भाइयों के पास पहुंचना चाहती हैं, उन्हें मेट्रो की वजह से कोई परेशानी न हो।
इस बीच बहनों को मेट्रो ट्रेनों में कोई परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी ओर स्टेशन स्टाफ को तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही बड़े मेट्रो स्टेशनों पर महिलाओं की सुविधा के लिए ग्राहक सुविधा अधिकारी भी मौजूद होंगे, जो बहनों को रास्ता बताने में मदद करेंगे।
डीएमआरसी का कहना है कि रक्षाबंधन पर वीकेंड का मौका होने के मेट्रो में शनिवार से बहनों की भारी भीड़ पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए मेट्रो प्रबंधन ने शनिवार को भी मेट्रो के अतिरिक्त फेरे लगाने का निर्णय लिया है।