अज्ञात वाहन की चपेट में आकर स्कूटी सवार दुकानदार की मौत
- भाई की हालत गंभीर, देर रात दुकान से लौट रहे थे घर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मोती नगर इलाके में बुधवार देर रात स्कूटी से घर लौट रहे दो दुकानदार भाइयों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे छोटे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय दोनों भाइयों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। पुलिस आस पास के इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी वाहन चालक की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात करीब पौने एक बजे पुलिस को मोती नगर इलाके में हादसे की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तब तक लोगों ने स्कूटी सवार दोनों युवकों को अस्पताल में भर्ती करा चुके थे। अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि डॉक्टरों ने न्यू मोती नगर निवासी रवि (35) को मृत घोषित कर दिया है। जबकि उसके छोटे भाई हन्नी(29) का इलाज चल रहा है। पुलिस ने रवि के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच में पता चला कि रवि का मोती नगर में दुकान है। रात में दोनों भाई दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर होने के बाद दोनों भाई सड़क पर काफी दूर तक घसीटते हुए चले गये।