पुस्तक प्रेमियों लिए खुशखबरी है। विभिन्न रोचक विषयों को पढ़ने वाले पुस्तक प्रेमियों के लिए प्रगति मैदान में 25 अगस्त से 24वां दिल्ली पुस्तक मेला शुरू होने जा रहा है। खास बात यह है कि इस बार अपनी मनचाही पुस्तक खरीदने के लिए पाठकों को प्रगति मैदान की टिकट नहीं खरीदनी होगी।
आईटीपीओ प्रशासन ने इस बार से दिल्ली पुस्तक मेले में करीब दो दशकों बाद पाठकों को निशुल्क प्रवेश देने की सुविधा उपलब्ध कराई है। आईटीपीओ के महाप्रबंधक दीपक जैन के बताया कि इस बार दिल्ली पुस्तक मेले में देशभर के 120 प्रदर्शक अपनी पुस्तकों को पाठकों के लिए पहुंचेंगे।
इस बार दिल्ली पुस्तक मेले पाठकों को डिजिटल किताबों से भी रू-ब-रू होने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुस्तक मेला 1995 से हर वर्ष प्रगति मैदान में आयोजित किया जा रहा है और पिछले साल तक पाठकों को इस पुस्तक मेले का लुत्फ उठाने के लिए टिकटें खरीदनी पड़ती थीं, लेकिन अब पहली बार आईटीपीओ द्वारा पाठकों के निशुल्क प्रवेश का प्रावधान किया गया है।
पुस्तक मेला प्रगति मैदान के हॉल नम्बर 7 में आयोजित होगा और प्रगति मैदान के गेट नम्बर एक, 8 और 10 से पाठकों का प्रवेश होगा। यह पुस्तक मेला 25 अगस्त से 2 सितम्बर तक चलेगा। इस मेले का उद्घाटन केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह करेंगे।