अब तक 363 किसान 382 हेक्टेयर जमीन देने को राजी
नोएडा एयरपोर्ट के लिए पांच गांव के 32 किसानों ने दी 51 हेक्टेयर जमीन की सहमति
यीडा अफसरों से मिले कुरैब गांव के किसान, जमीन देने को राजी
तहसील प्रशासन को तीन दिन में मिली 263 किसानों की सहमति
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा/जेवर। जेवर में प्रस्तावित नोएडा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को जमीन देने पर अब तक 363 किसान राजी हो गए हैं। इनसे 382 हेक्टेयर जमीन मिल सकेगी। सोमवार को रोही, पारोही, दयानतपुर, रन्हेरा और किशोरपुर के करीब 32 किसान और राजी हो गए। इनसे करीब 51 हेक्टेयर जमीन मिल सकेगी। साथ ही कुरैब गांव के 100 किसानों ने भी सोमवार को यीडा आकर लिखित में सहमति दी। इनकी रन्हेरा में करीब 176 हेक्टेयर जमीन है। साथ ही कुरैब स्थित भूमि भी देने को राजी हैं।
किसानों के मतभेदों को दूर करने के लिए जिलाधिकारी ने बृहस्पतिवार से तहसील टज्ञेश्र प्राधिकरण की टीम के साथ गांव जाकर किसानों से सीधे बात की थी। रविवार तक 231 किसान जमीन देने के लिए पहले ही सहमति दे चुके हैं। सोमवार को किशोरपुर गांव के तीन किसान, पारोही के सात किसान, रोही के 11 किसान, दयानतपुर के पांच किसान, रन्हेरा के छह किसानों ने लगभग 51 हेक्टेयर जमीन के लिए सहमति दी है। इसके बाद सोमवार तक सहमति देने वाले किसानों की संख्या 263 हो गई।
जिलाधिकारी मंगलवार को रन्हेरा गांव के किसानों से तहसील दिवस के बाद 2 बजे से सीधी बात करेंगे। वहीं, कुरैब के किसान सोमवार को ग्राम प्रधान निर्दोष कुमार के साथ यीडा दफ्तर पहुंचे। उनके साथ कई अन्य किसान भी शामिल रहे। सभी ने जमीन देने के लिए लिखित में सहमति दी। ग्राम प्रधान ने बताया कि कुरैब के किसान 2300 रुपये प्रति वर्ग मुआवजा व अन्य सुविधाओं के एवज में जमीन देने को राजी हैं। जेवर एयरपोर्ट यहां से नहीं जाना चाहिए। उन्होंने रन्हेरा स्थित 176 हेक्टेयर जमीन पर सहमति देते हुए प्राधिकरण से कहा कि उनके कुरैब गांव स्थित बाकी जमीन भी ले ली जाए।
---
आबादी की जमीन के सर्किल रेट का दोगुना देने की मांग
किसानों ने जिलाधिकारी के सामने गांव में बसी आबादी की जमीन का सर्किल रेट के हिसाब से दो गुना मुआवजा और विस्थापन की दशा में जमीन के बदले विस्थापन वाली जगह पर जमीन देने की मांग की है। हालांकि, प्रशासन जमीन के बदले 50 वर्गमीटर का मकान व 2300 रुपये प्रति वर्गमीटर के हिसाब से मुआवजा देने को तैयार है।
---
किसान अधिकार संदेश यात्रा की जेवर से शुरुआत
ग्रेटर नोएडा। जय जवान जय किसान मोर्चा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मोर्चा कार्यकर्ता चिटेहरा स्थित सम्मेलन में पहुंचे। संदेश यात्रा 40 दिन में 400 गांवों तक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पहले दिन चिटहेरा से कार्यकर्ताओं ने संदेश यात्रा की शुरुआत जेवर के गांवों से की और एयरपोर्ट में जाने वाली भूमि के किसानों की मांग रखी।