एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन मंत्री से की मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(एबीवीपी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत से मुलाकात की। उनके सामने छात्रों की डीटीसी बसों से जुड़ी समस्याओं को उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने डीयू के छात्रों के लिए बस पास काउंटर की संख्या बढ़ाने, बस पास बनवाने की सुविधा को ऑनलाइन करने, नार्थ कैंपस और साउथ कैंपस से दिल्ली देहात के विभिन्न क्षेत्रों व कॉलेजों के लिए यूवा स्पेशल बस शुरू करने, दिल्ली देहात के औचंदी बार्डर से बरार स्क्वायर तक बस पुन: चलाने की मांग की। एबीवीपी के प्रदेश मीडिया संयोजक आशुतोष सिंह ने कहा कि एबीवीपी लगातार छात्रों की डीटीसी से जुड़ी समस्याओं को उठाती आ रही है। बस पास बनवाने की सुविधा ऑनलाइन होने से छात्रों का समय बचेगा। दिल्ली के दूरदराज के क्षेत्रों डीयू के कॉलेजों तक बेहतर बस के आवागमन की सुविधा के लिए भी प्रयास किया जाता रहेगा।
मोनिका चौधरी एबीवीपी की राष्ट्रीय मीडिया संयोजक नियुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पूर्व राष्ट्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य मोनिका चौधरी को एबीवीपी का राष्ट्रीय मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। मोनिका चौधरी वर्तमान में डीयू में एलएलएम की छात्रा हैं। इससे पहले उन्होंने केमिस्ट्री ऑनर्स की पढ़ाई की है। मूलत: उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वाली मोनिका पूर्व में विभाग छात्रा प्रमुख, प्रांत सह छात्रा प्रमुख, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य तथा राष्ट्रीय मंत्री जैसे विभिन्न दायित्वों को संभाल चुकी है। पूर्व में साकेत बहुगुणा राष्ट्रीय मीडिया संयोजक थे।