बसपा प्रत्याशी ने दनकौर में किया जनसंपर्क
ग्रेटर नोएडा/दनकौर। बसपा के लोकसभा प्रभारी वीरेंद्र डाढ़ा ने जेवर विधानसभा के दनकौर, महमूदपुर गुर्जर, पीपलका गांवों का दौरा किया। इस दौरान लोकसभा चुनाव को लेकर बैठक कर युवाओं से चर्चा की। डाढ़ा ने कहा कि देश के युवाओं का इस्तेमाल सत्ता हासिल करने के लिए किया गया है। जिले में अनेक उद्योग स्थापित हैं, लेकिन इनमें क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है। युवा दिन प्रतिदिन बेरोजगार हो रहे हैं। इसका मुंहतोड़ जवाब देश व प्रदेश का युवा आगामी लोकसभा चुनाव में देगा। ब्यूरो
भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव का किया स्वागत
दनकौर। क्षेत्र के किसानों ने रविवार को पारसौल गांव में भाकियू अराजनैतिक संगठन के राष्ट्रीय महासचिव महेंद्र सिंह चौरोली का स्वागत किया। किसान नेता पूरन आर्य और हरिराज आर्य ने बताया कि किसान पिछले कई सालों से अतिरिक्त मुआवजा और आवासीय भूखंड समेत दर्जनों मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार को भी किसानों की सुध नहीं है। इसके विरोध में किसानों ने पारसौल गांव में बैठक कर रणनीति बनाई और राष्ट्रीय महासचिव का स्वागत किया। इस दौरान चंद्रभान सिंह, वेदपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, मांगेराम, ज्ञानेंद्र सिंह, राजेश आचार्य और प्रमोद सोनी मौजूद रहे। ब्यूरो
आगरा के धरनारत किसानों को दिया समर्थन
दनकौर। भाकियू भानु संगठन के किसानों ने रविवार को कैंप कार्यालय पर बैठक की। बैठक में सर्वसहमति से आगरा में धरनारत किसानों को समर्थन देने का निर्णय लिया गया। संगठन के प्रदेश संयोजक राजेंद्र समसपुर ने बताया कि प्रदेश सरकार ने आगरा के किसानों के हितों का हनन किया है। इसके विरोध में किसान धरना प्रदर्शन कर रहे है। संगठन ने किसानों को सर्मथन देकर जल्द ही प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है। बैठक में अजब कसाना, जयवीर नागर, महकार नागर, राजीव नागर, गणेश, राजकुमार नागर और लोकेश नागर मौजूद रहे। ब्यूरो