ला रेजीडेंसिया प्रोजेक्ट के खरीदारों ने किया प्रदर्शन
- मार्च निकालकर जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की
- 2010 में की थी बुकिंग, 2013 में कब्जा देने का था वादा, डेढ़ साल से बंद है काम
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा।
ग्रेनो वेस्ट के ला रेजीडेंसिया प्रोजेक्ट पर रविवार को खरीदारों ने विरोध प्रदर्शन किया। फ्लैट खरीदारों ने प्रोटेस्ट मार्च निकाला और बिल्डर को एक पत्र सौंपकर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। खरीदारों ने कहा है कि अगर काम जल्द शुरू नहीं हुआ तो फिर से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रोजेक्ट में तीन फेज में लगभग 3000 फ्लैट बनाए जाने थे। जिसमें बिल्डर ने केवल 800 फ्लैटों का कब्जा दिया है। करीब 2200 से अधिक खरीदारों अभी भी फ्लैट पाने का इंतजार कर रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2010 में में फ्लैट खरीदे थे। तब बिल्डर ने तीन साल में कब्जा देने का वादा किया था। प्रोजेक्ट को तीन फेज में बांट दिया गया है। दूसरे और तीसरे फेज में करीब 1600 फ्लैट खरीदारों का पैसा फंसा हुआ है। फेज दो के खरीदार 90 प्रतिशत और फेज तीन के खरीदार 70 प्रतिशत से अधिक धनराशि बिल्डर को दे चुके हैं।
पिछले डेढ़ साल से दोनों फेज का निर्माण कार्य बंद है। बिल्डर से बार-बार निर्माण शुरू करने की मांग की गई है, लेकिन बिल्डर की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को 50 से अधिक खरीदारों ने प्रोजेक्ट से बिल्डर के साइट ऑफिस तक मार्च निकाला और जमकर नारेबाजी की। खरीदारों ने बताया कि अगर बिल्डर ने जल्द निर्माण कार्य को शुरू नहीं किया तो फिर उनके खिलाफ बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।