सोलर पैनल योजना के खिलाफ
किसानों की महापंचायत 2 को
- भाकियू के बैनर तले दिल्ली देहात के किसान नजफगढ़ में करेंगे आयोजन
- गांवों में बैठक कर किसानों से किया जा रहा संपर्क
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। ग्रामीण इलाकों में दिल्ली सरकार के सोलर पैनल लगाने की योजना का किसानों के एक बड़े वर्ग ने विरोध किया है। इसे लेकर किसान नजफगढ़ में एक महापंचायत भी करेंगे। जहां दिल्ली सरकार की इस योजना के नुकसान व फायदे से अवगत कराया जाएगा। महापंचायत के पूर्व मटियाला विधानसभा स्थित ढांसा, गालिमपुर, ईशापुर, जालिमपुर, मुंढड़ा खुर्द, मुंढेरा कला, झाड़ौदा समेत कई गांवों में किसानों की बैठक भी की गई है।
सोलर पैनल योजना के खिलाफ किसानों ने मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली देहात में योजना के विरोध में किसान पंचायत कर रहे हैं। किसान नेता डॉ. नरेश कुमार के अनुसार दिल्ली देहात के मुंडका, बवाना और नरेला विधानसभा के करीब दो दर्जन से अधिक गांवों में किसानों के साथ बैठक हुई। किसानों ने सरकार की इस नीति का विरोध किया है। योजना के विरोध में दिल्ली के उपराज्यपाल को पत्र भेजा गया है। राज्यपाल से जल्द ही मिलने का भी निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि 2 सितंबर को सुबह 10 बजे नजफगढ़ की गोशाला नंबर-1 में किसानों की महापंचायत होगी। इस महापंचायत में किसान संगठन निजी फर्मों के साथ 50 प्रतिशत की भागीदारी, एक लाख रुपये अतिरिक्त रायल्टी और हर साल 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी, एक हजार यूनिट प्रत्येक वर्ष मुफ्त समेत कई मांगों पर चर्चा करेंगे।
महापंचायत में ढांसा बारा खाप के प्रधान चौधरी खजान सिंह, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह डागर, किसान नेता धर्मेंद्र यादव, झाड़ोदा के प्रधान मास्टर धरम सिंह समेत कई किसान शामिल होंगे। महापंचायत भारतीय किसान यूनियन के बैनर के तले आयोजित होगी।