10वीं के छात्र की मौत, डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन देने का आरोप
बुधवार की घटना, दादरी रेलवे रोड पर आरोपी डॉक्टर का मेडिकल स्टोर
छात्र के पिता की शिकायत पर डॉक्टर पिता और बेटे पर एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। दादरी नगर के रेलवे रोड पर स्थित शर्मा मेडिकल स्टोर के डॉक्टर के गलत इंजेक्शन ने बुधवार को बुखार पीड़ित 10वीं के छात्र सौरव कुमार की जान ले ली। आरोप है कि डॉ. आनंद प्रकाश शर्मा के इंजेक्शन लगाते ही सौरव की तबीयत और खराब हो गई। गाजियाबाद के एक अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। छात्र की मौत के बाद डॉ. आनंद अपने बेटे अंकित के साथ फरार हो गया। सौरव के चाचा ने दादरी कोतवाली में आरोपी बाप-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव बंबावड़ निवासी अजय कुमार बुखार पीड़ित बेटे सौरव को दिखाने के लिए शर्मा मेडिकल स्टोर पर आया था। आरोप है कि यहां जांच के बाद डॉ. शर्मा ने छात्र को इंजेक्शन लगाया। इसके बाद सौरव को उल्टी हुई और कुछ देर बाद बेहोश हो गया। तबीयत खराब होने पर सौरव को नवीन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इंकार कर दिया। इसके बाद उसे लेकर गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।
---
परिजन की शिकायत पर आरोपी बाप-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - रामसेन सिंह, प्रभारी निरीक्षक, दादरी कोतवाली