17 को बकाए बिजली के बिल पर होगा फैसला
एसडीएम के आश्वासन पर एवीजे हाइट्स सोसायटी के लोगों का धरना खत्म
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर जीटा वन में एवीजे हाइट्स सोसायटी के लोगों ने एसडीएम सदर के आश्वासन पर सोमवार रात साढ़े 12 बजे एनपीसीएल दफ्तर पर धरना खत्म किया। प्रशासन और एनपीसीएल ने 17 अगस्त तक का समय मांगा है। ताकि, बकाया बिल के भुगतान पर फैसला लिया जा सके।
दरअसल, गैंगस्टर लगने के बाद एवीजे बिल्डर फरार है। जिसकी वजह से सोसायटी का बिल जमा नहीं हो सका। फिलहाल, 55 लाख रुपये से अधिक का बिल बकाया है। एनपीसीएल ने नोटिस जारी कर आपूर्ति बंद करने की चेतावनी दी थी। विरोध में सोसायटी के लोगों ने सोमवार सुबह धरना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने वार्ता कर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन लोग बिल्डर से बिल वसूलने की मांग पर अड़े रहे। रात करीब 12 बजे एसडीएम सदर राजपाल सिंह और एनपीसीएल के जीएम सारनाथ गांगुली ने बैठक की। लोगों ने बताया कि सोसायटी में बिजली कटौती को तत्काल बंद करने की मांग की गई। जिस पर एनपीसीएल ने अमल शुरू कर दिया है। अगस्त माह से बिल का भुगतान अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) के करने पर भी सहमति बन गई है। जबकि, बकाया बिजली बिल पर एनपीसीएल ने नियमों के तहत विचार करने का आश्वासन दिया है। अगली बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होगी।
एवीजे हाइट्स सोसायटी पर बिजली बिल बकाया है। सोसायटी के लोगों से कुछ समय मांगा गया है। ताकि, नियमों के तहत कोई रास्ता निकाला जा सके। 17 अगस्त को बैठक कर समस्या का समाधान निकाला जाएगा।
सारनाथ गांगुली, जीएम, एनपीसीएल
भविष्य में बिजली बिल का भुगतान वहां के लोगों को करना होगा। बकाया बिल को कौन जमा करेगा, नियमों के तहत निर्णय लिया जाएगा। 17 अगस्त को सोसायटी के लोगों के साथ बैठक होगी।
राजपाल सिंह, एसडीएम सदर