मुस्लिम महिलाओं ने तिरंगा मार्च से दिया देश प्रेम का संदेश
- आरएसएस के नेतृत्व में फतेहपुरी से लालकिले तक निकाला तिरंगा मार्च
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की पहल पर शनिवार को मुस्लिम महिलाओं ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीयता का परिचय देते हुए तिरंगा मार्च निकाला। मार्च की अगुवाई आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार ने की। इसमें मुस्लिम महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी की और देश प्रेम का संदेश दिया।
मुस्लिम महिलाओं ने फतेहपुरी मस्जिद से लालकिले तक तिरंगा मार्च निकाला। इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में तिरंगा मार्च निकालती मुस्लिम महिलाओं ने हिंदुस्तान जिंदा बाद के नारे लगाए। इस दौरान सभी महिलाएं तिरंगे को लहराती हुई लालकिले तक पहुंची। ये सभी महिलाएं बुर्के में थी और सामुदायिक परंपराओं के दायरे में रहते हुए उन्होंने भारतीयता का परिचय दिया।
महिलाओं का कहना था कि हमारे देश जैसा कोई देश नहीं, जहां सभी धर्मों को सम्मान से देखा जाता है। भाईचारे की भावना के लिए विश्वभर में हिंदुस्तान की तूती बोलती है। इंद्रेश कुमार ने कहा कि मुस्लिम मंच के सहयोग से मुस्लिम महिलाएं देश में फैली कुंठित मानसिकता के खिलाफ हिंदुस्तान के समर्थन में जश्न-ए-आजादी मनाने के लिए अपने घरों से बाहर निकली हैं। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं का तिरंगा मार्च देश की अन्य महिलाओं के लिए भी उदाहरण साबित होगा। लालकिले पर पहुंचकर तिरंगा मार्च को हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारों के साथ समाप्त किया गया।
तिरंगा मार्च व बुर्के में महिलाओं को देखकर आसपास के लोग व बाजार में भी खुशी का माहौल बन गया। काफी लोग मार्च में शामिल हुए व देशभक्ति का परिचय दिया।