स्कूलों में शहीदों के नाम पौधे लगाएंगे बच्चे
सीबीएसई ने स्कूलों को 11-11 पेड़ लगाने को कहा
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अपने संबद्ध स्कूलों के प्रांगण में लगभग 2,27,799 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। बोर्ड ने सभी संबद्ध स्कूलों को 13 से 17 अगस्त तक प्रकृति महोत्सव मनाने को कहा है। इसके तहत प्रत्येक स्कूल अपने परिसर में देशी प्रजाति के 11 पौधे लगाएंगे। खास बात यह है कि इन सबका नामकरण शहीदों के नाम पर किया जाएगा। स्कूलों को इन्हें संभालने की जिम्मेदारी छात्रों को देनी होगी। स्कूलों को स्थानीय पर्यावरण और जलवायु के अनुसार ही प्रजाति का चयन करना होगा। जिससे वह आसानी से बढ़े। इस संबंध में बोर्ड के अकादमिक निदेशक डॉ. संयम भारद्वाज ने सर्कुलर जारी किया है। बोर्ड का कहना है कि अधिकांश स्कूलों में पहले से ही ईको क्लब स्थापित हैं। इनके तहत पौधरोपण की जिम्मेदारी गतिविधि के हिस्से के रुप में छात्रों को दी जा सकती है। ब्यूरो