हेडिंग: अमर उजाला के शिविर में 55 लोगों ने किया रक्तदान
शनिवार को ग्रेनो वेस्ट की हवेलिया वेलेंशिया होम्स सोसायटी में हुआ आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की हवेलिया वेलेंशिया होम्स सोसायटी में शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। इस दौरान 55 यूनिट रक्त एकत्र कियागया। अमर उजाला फाउंडेशन, जिला अस्पताल गौतमबुद्धनगर और हवेलिया हृयूमेनिटी के बैनर तले शिविर लगाया गया। वहीं, शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद भी पिलाई।
हवेलिया वेलेंशिया होम्स सोसायटी में शनिवार की सुबह नौ बजे हवेलिया ग्रुप के प्रबंध निदेशक निखिल हवेलिया ने रक्तदान करके शिविर की शुरुआत की। इसके बाद जिला अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में लोगों ने रक्तदान किया। दोपहर एक बजे तक 55 लोगों ने रक्तदान किया। डॉ. बिंदू श्रीवास्तव ने बताया कि सोसायटी के लोग काफी जागरूक थे। रक्तदान करने के प्रति उनके अंदर उत्साह देखने को मिला। रक्तदान के पहले लोगों की हीमोग्लोबिन और ब्ल्डप्रेशर की जांच की गई है। खून का सैंपल भी लिया गया है। इनमें हेपेटाइटिस बी, सी, एचआईवी समेत अन्य जांच के बाद रिपोर्ट उनके ई-मेल पर भेज दी जाएगी। जिला अस्पताल की ओर से उन्हें डोनर सर्टिफिकेट भी प्रदान किया गया है। इसके अलावा अमर उजाला की ओर से भी डोनर्स कार्ड दिए जाएंगे।
वहीं, शिविर में छह लोगों ने पहली बार रक्तदान किया। इनमें सोनू, मोहित, अविनाश, सर्वेश, रामकुमार सोनी और विष्णु शर्मा शामिल है। उनका कहना है कि रक्तदान करने में डर लगता था, लेकिन आज डर समाप्त हो गया है। अब समय-समय पर रक्तदान करेंगे। निखिल हवेलिया ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की यह अच्छी पहल है। सोसायटी के लोगों का काफी समर्थन मिला है। भविष्य में इस तरह के आयोजन को प्रोत्साहन किया जाएगा।