दिल्ली में भी घुसपैठियों का मुद्दा गरमाने की तैयारी में भाजपा
-आगामी विधानसभा सत्र में भाजपा घुसपैठियों के निष्कासन पर बिल लाने का मांग करेगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में रह रहे अवैध रूप से घुसपैठियों का मुद्दा भी गरमाने की तैयारी में भाजपा जुट गई है। आगामी विधानसभा सत्र में भाजपा दिल्ली सरकार से घुसपैठियों की पहचान, उनकी रोकथाम और निष्कासन पर बिल लाने का दबाव बनाएगी। इसे लेकर भाजपा नेता अभी से ही तानाबाना बुनने लगे हैं।
सोमवार से दिल्ली विधानसभा का सत्र शुरू होने वाला है। इस दौरान विधानसभा नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता दिल्ली सरकार को घुसपैठियों को लेकर घेरने की तैयारी में हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि दिल्ली में अपराध की घटनाओं की रोकथाम के लिए घुसपैठियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए। इसके लिए चुनाव पहचान पत्र और राशन कार्डों की गहन जांच कर घुसपैठियों को चिह्नित करने का मुद्दा उठाया है। गुप्ता ने दिल्ली सरकार से मांग की है कि घुसपैठियों का नाम चुनाव पहचान से हटाए व राशन कार्ड रद्द करें। उन्होंने यह भी सुझाव दिया है कि हर जिले के डीसीपी कार्यालय में बांग्लादेशी सेल का गठन किया जाए। इस तरह का सेल 2003 में बना था, लेकिन 6 साल पहले इस सेल को खत्म कर दिया गया था। इस सेल के बंद होने से दिल्ली में अपराध का ग्राफ भी बढ़ता गया।
गुप्ता ने कहा कि विधानसभा सत्र में भाजपा इस मुद्दे को जोर शोर से उठाएगी। सरकार को बताएगी कि ये घुसपैठिए ड्रग तस्करी, लूटपाट, चेन स्नैचिंग जैसे आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं। सुरक्षा एजेंसियां हमेशा विदेशी आकाओं से इनके तार जुड़े होने का लेकर चिंतित रहती हैं। इनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।