-----------
हेडिंग: एफआईआर में बिल्डरों के साथ फ्लैट खरीदारों का भी नाम
पुलिस-प्रशासन ने खरीदारों पर किसी तरह की पुलिस कार्रवाई नहीं होने का दिया आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। शाहबेरी गांव में प्राधिकरण ने जिन 74 बिल्डर व ब्रोकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी, उसमें कई फ्लैट खरीदारों के नाम भी शामिल कर दिए हैं। अब इस लापरवाही पर पुलिस व प्रशासन के अफसरों ने खरीदारों को कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को एसडीएम सदर अंजनी कुमार और सीओ ग्रेटर नोएडा तृतीय अवनीश कुमार ने शाहबेरी में बैठक की और वहां के लोगों की शिकायत सुनी। बैठक में काफी फ्लैट खरीदार पहुंचे। उनका आरोप है कि प्राधिकरण ने जो एफआईआर करवाई है, उसमें कई फ्लैट खरीदारों के नाम भी शामिल हैं। पहले से ही जिंदगी भर की कमाई खो चुके है और अब पुलिस की कार्रवाई का डर सता रहा है। बैठक में अफसरों ने कुछ नाम शामिल होने की बात मानी और कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया। खरीदारों ने बिल्डिंग में रहने के बारे में भी सवाल किए। इस पर अफसरों ने कहा कि जो बिल्डिंग असुरक्षित हैं, उन्हें गिराया जाएगा। जो सुरक्षित बिल्डिंग हैं, उनमें लोग रह सकते हैं। एसडीएम सदर अंजनी कुमार का कहना है कि गांव में तरह-तरह की अफवाह फैलाई जा रही हैं जिससे वहां के लोग परेशान हैं। बैठक कर उनकी समस्याओं और परेशानी को दूर किया गया है। एफआईआर में कुछ फ्लैट खरीदारों के नाम भी शामिल हैं। इसकी जांच पुलिस कर रही है।
----------
किराएदार हटे, मकान मालिक डटे
ग्रेटर नोएडा। शाहबेरी में बिल्डिंग खाली करने के नोटिस चस्पा होने के बाद काफी परिवार चले गए हैं। इसमें सबसे अधिक किरायेदार हैं। जबकि फ्लैट खरीदार अभी भी डटे हुए हैं। उनका कहना है कि वे यहां से कहीं नहीं जाएंगे। जिंदगी भर की कमाई घर खरीदने में लगा दी और अब एक झटके में मकान कैसे खाली कर दें। पहले प्राधिकरण और प्रशासन उनका पैसा वापस दिलवाने का आश्वासन दें। तभी घर खाली करेंगे।
-------------
प्राधिकरण की सूची पर एफआईआर दर्ज की गई थी। उसमें शामिल नामों में कुछ खरीदारों के होने की बात सामने आई है। फिर से प्राधिकरण से सूची के बारे में जानकारी मांगी गई है। अगर खरीदार शामिल हैं और उनका दोष नहीं है तो नाम हटा दिया जाएगा।
- अवनीश कुमार, सीओ ग्रेटर नोएडा तृतीय