दिल्ली विश्वविद्यालय दाखिला प्रक्रिया -
कटऑफ व स्पेशल ड्राइव से भरी जाएंगी खाली सीटें
सातवीं कटऑफ 6 अगस्त को होगी जारी, दाखिले 6 से 8 अगस्त तक
- स्पेशल ड्राइव के तहत आठवीं लिस्ट 13 अगस्त को आएगी
- डीयू में आरक्षित कोटे की ज्यादा, सामान्य की कम सीटें खाली
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2018-19 में दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों के लिए राहत की खबर है। डीयू प्रशासन ने कालेजों में खाली पड़ी सीटों के लिए एक बार फिर से दाखिला प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है। डीयू प्रशासन सातवीं कटऑफ 6 अगस्त व आठवीं कटऑफ 13 अगस्त को जारी करेगा। आठवीं कटऑफ पूर्णत: एससी, एसटी, ओबीसी, पीडब्यूडी, कश्मीरी विस्थापित व सिख अल्पसंख्यक श्रेणी के लिए होगी। डीयू प्रशासन ने कालेजों से खाली पड़ी सीटों की जानकारी मांगी थी जिसके बाद अब कटऑफ निकालने का फैसला लिया गया।
डीयू में सामान्य की कम व आरक्षित श्रेणी की ज्यादा सीटें खाली हैं। सातवीं कटऑफ के आधार पर दस्तावेज सत्यापन व दाखिले 6, 7 व 8 अगस्त को होंगे। इस सूची में आरक्षित व अनारक्षित श्रेणी के छात्रों को दाखिले का अवसर मिलेगा। इसके बाद स्पेशल ड्राइव के तहत जारी आठवीं सूची में केवल आरक्षित श्रेणी के छात्रों को ही दाखिले का अवसर मिलेगा। इस स्पेशल ड्राइव के तहत दस्तावेज सत्यापन व दाखिले को मंजूरी 13, 14 व 16 अगस्त को मिलेगी। स्पेशल ड्राइव के तहत कोटे के छात्रों का दाखिला होगा। जिससे कालेजों में कोटे की सीटें खाली न रहें। स्पोर्ट्स, ईसीए व वार्ड कोटा के लिए भी दाखिले सातवीं व आठवीं कटऑफ के साथ ही होंगे। इनमें से स्पोर्ट्स व ईसीए के लिए अलग से फाइनल शेड्यूल जारी किया जाएगा।