वॉलमार्ट-फ्लिपकार्ट के खिलाफ व्यापारी करेंगे आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। वॉलमार्ट फ्लिपकार्ट के खिलाफ कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने देशव्यापी आंदोलन करने का निर्णय लिया है। कंफेडरेशन ने कहा कि राष्ट्रीय व्यापारी अधिवेशन में सभी व्यापारियों ने एक स्वर में इस डील की खिलाफत की है। व्यापारियों का कहना है कि वॉलमार्ट द्वारा देश के रिटेल व्यापार पर कब्जा जमाने का यह एक जरिया है। इससे पूरे देश के छोटे व्यापारियों का रोजगार खत्म हो जाएगा।
कंफेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि ई कॉमर्स पर गठित थिंक टैंक की बैठक में व्यापारी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाएंगे। कंफेडरेशन ने केंद्र सरकार से इस डील को रद्द करने की मांग की है। यह भी कहा है कि ई कॉमर्स के लिए एक नीति बनाई जाए, रेगुलेटरी अथॉरिटी भी बननी चाहिए जो इस व्यापार पर अंकुश रख सके।
फ्लिपकार्ट विसंगतियों से भरा ई कॉमर्स प्लेटफार्म है, जहां लागत से भी कम मूल्य पर माल बेच कर छोटे व्यापारियों का रोजगार छीना जाता है। यह कोई दो कंपनियों के बीच का सौदा नहीं है बल्कि इसका बड़ा प्रभाव देश के रिटेल व्यापार और अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु से भी इस डील और ई कॉमर्स कंपनियों के बारे में अवगत किया गया है। कंफेडरेशन के पंद्रह सौ व्यापारियों ने निर्णय लिया है कि रिजर्व बैंक कार्यालयों व अन्य जगहों पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।