कांग्रेस ने शुरू किया नफरत मिटाओ देश बचाओ अभियान
नई दिल्ली। देशभर में बढ़ती मॉब लिंचिंग, जातीय हिंसा के खिलाफ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नफरत मिटाओ देश बचाओ कार्यक्रम के जरिए जागरूकता पैदा करेगी। इसके तहत पार्टी के कार्यकर्ता आम लोगों को गले लगाकर देश में अमन चैन कायम करने की अपील करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस आईटी विभाग ने अभियान की शुरुआत राजीव चौक मेट्रो गेट से की। इस दौरान आईटी विभाग के चेयरमैन अनिरुद्ध शर्मा पदाधिकारियों के साथ मौजूद थे। इस दौरान कार्यकर्ता हाथों में नफरत मिटाओ देश बचाओ व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष की तस्वीर लगी तख्तियां लिए हुए थे। शर्मा ने कहा कार्यक्रम का उदे्श्य राहुल के संदेश को आगे ले जाना है। उन्होंने कहा कि नफरत का मुकाबला हम प्यार से करेंगे।
अनिरुद्ध शर्मा ने कहा कि हमें कांग्रेस व राहुल गांधी ने हमेशा सांप्रदायिक सौहार्द तथा आपसी भाईचारे का पाठ पढ़ाया है। उन्होंने संसद में राहुल के प्रधानमंत्री से गले मिलने का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री को गले लगाकर भाईचारे और सम्मान का संदेश दे रही है। लेकिन भाजपा धर्म के नाम पर मॉब लिंचिंग, जातीय हिंसा आदि को बढ़ावा दे रही है।