इस मानसून में डीडीए लगाएगा 10 लाख पौधे
- डीडीए ने विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान किया शुरू
- अभी तक डेढ़ लाख से ज्यादा पौधरोपण कर चुका है प्राधिकरण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी को प्रदूषण से बचाने और ग्रीन दिल्ली का उद्देश्य पूरा करने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने इस मानसून में 10 लाख पौधे लगाने का फैसला लिया है। पिछले कुछ ही दिनों में प्राधिकरण ने विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान भी शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार अभी तक दिल्ली के सभी इलाकों को मिलाकर 1 लाख 60 हजार पौधरोपण किया जा चुका है। जबकि अन्य पौधों के लिए डीडीए ने सभी क्षेत्रीय कार्यालय को निर्देश जारी कर दिए हैं।
डीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि बॉयोडायवर्सिटी पार्क, ग्रीन बेल्ट्स, पार्क और यमुना के आसपास की जगहों को चयनित किया गया है। यहां पौधरोपण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। अधिकारी ने ये भी बताया कि राजधानी को प्रदूषण से मुक्त करना जरूरी है। पिछले कुछ ही वर्षों में दिल्ली का प्रदूषण स्तर कई गुना ज्यादा बढ़ गया है। ऐसे में जरूरी है कि सरकारी तंत्र के साथ-साथ आम आदमी भी इस हरियाली को बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि प्रत्येक परिवार एक-एक पौधरोपण कर दिल्ली को हरा-भरा बनाने में मदद कर सकता है।