एसओएल में आखिर कब शुरू होंगे दाखिले, छात्र परेशान
छात्रों को स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के दाखिलों का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली विश्वविद्यालय में रेगुलर कॉलेजों में दाखिले समाप्त होने के बाद अब छात्रों को स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के दाखिलों का इंतजार हैं। जून में शुरू होने वाली एसओएल की दाखिला प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं होने से छात्र काफी उलझन में हैं। क्रांतिकारी युवा संगठन के नेतृत्व में छात्रों ने एसओएल कार्यकारी निदेशक से मुलाकात कर उन्हें जल्द से जल्द दाखिला प्रक्रिया शुरू करने की गुहार लगाई है।
क्रांतिकारी युवा संगठन कार्यकर्ताओं ने एसओएल में अब तक दाखिले शुरू न होने और लेट रिजल्ट के विषय में मुलाकात कर छात्रों की समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। क्रांतिकारी युवा संगठान दिल्ली राज्य समिति सदस्य हरीश गौतम के अनुसार एसओएल में पढ़ रहे लाखों छात्रों का अभी तक न तो परीक्षा परिणाम ही घोषित किया गया है और न ही दाखिला प्रक्रिया को शुरू किया गया। एसओएल में हर वर्ष परीक्षाएं तो रेगुलर कॉलेजों के साथ मई-जून में ही शुरू हो जाती है, लेकिन परीक्षा परिणाम हर साल देरी से नवंबर-दिसंबर में घोषित किया जाता है। तृतीय वर्ष के छात्र बीए बीकॉम के बाद एमए, एमकॉम, बीएड, एलएलबी में दाखिले का सपना देखते हैं, लेकिन रिजल्ट की देरी के कारण वह ऐसा नहीं कर पाते। केवाईएस ने स्पष्ट किया है कि यदि छात्रों की समस्याओं का हल नहीं निकलता तो केवाईएस डीयू कुलपति, यूजीसी और मानव संसाधन विकास मंत्रालय का घेराव करेगा।