राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय में दाखिला प्रक्रिया कल से
- 4 अगस्त तक भरे जाएंगे फार्म, कक्षा 6 से 11 में होंगे दाखिले
- 7 अगस्त को होगी प्रवेश परीक्षा, 13 अगस्त को घोषित होगा परिणाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शिक्षा निदेशालय ने गौतमपुरी स्थित नए राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय (आरपीवीवी) में दाखिला प्रक्रिया की घोषणा की है। छठी से ग्यारहवीं तक की कक्षाओं में दाखिले की प्रक्रिया 23 जुलाई से शुरू होगी। दाखिले के लिए फॉर्म 23 जुलाई से मिलेंगे और 4 अगस्त तक सुबह 8 से 12 बजे तक जमा कराए जा सकेंगे। सभी कक्षाओं में दाखिले प्रवेश परीक्षा के आधार पर ही होंगे। परीक्षा 7 अगस्त को अलग-अलग समय पर आयोजित की जाएगी। छठी से नौवीं तक के लिए प्रवेश परीक्षा सुबह 11 से दोपहर 1:20 तक होगी। ग्यारहवीं की साइंस व कामर्स स्ट्रीम के छात्रों की परीक्षा सुबह 11 से दोपहर 1:15 तक होगी। आर्ट्स स्ट्रीम के छात्रों के लिए परीक्षा सुबह 11 से दोपहर 1:30 बजे तक होगी।
प्रवेश परीक्षा का परिणाम 13 अगस्त को दोपहर 2 बजे घोषित किया जाएगा। इसके बाद दाखिले 14 अगस्त से 23 अगस्त तक सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक स्कूल में होंगे। प्रवेश परीक्षा में न्यूमेरिकल, सामान्य ज्ञान व मेंटल ऐबिलिटी और हिंदी-अंग्रेजी राइटिंग स्किल से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। छठी से नौवीं कक्षा तक दो-दो सेक्शन के आधार पर प्रत्येक कक्षा में 70-70 सीटें हैं। ग्यारहवीं में साइंस, कॉमर्स व आर्ट्स के लिए 35-35 सीटें हैं।
इस स्कूल में छठी से नौवीं के दाखिले के लिए छात्रों का सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, निगम स्कूलों व दिल्ली छावनी बोर्ड के स्कूलों में कम से कम दो वर्ष पढ़ा होना अनिवार्य है। साथ ही स्कूलों से पिछली दो कक्षाओं में 60 फीसदी अंकों के साथ पास होना जरूरी है। जबकि ग्यारहवीं में सरकारी स्कूल में पढ़े होने की अनिवार्यता के साथ-साथ साइंस स्ट्रीम में गणित में 71, विज्ञान में 71, अंग्रेजी में 61, व अन्य दो विषयों में 41 फीसदी अंक होना जरूरी है। जबकि कामर्स स्ट्रीम के लिए गणित में 71, विज्ञान में 71, अंग्रेजी में 51 व अन्य दो विषयों में 41 फीसदी अंक जरूरी है।