ग्राउंड रिपोर्ट
-------------
हेडिंग: इमारत गिरने के बाद सुनसान हो गया शाहबेरी
आसपास की इमारतों में चल रहा निर्माण कार्य बंद, बाहरी राज्य और जिलों के रहने वाले हैं ज्यादातर लोग
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। दो बिल्डिंग गिरने के बाद शाहबेरी गांव सुनसान हो गया है। चहल-पहल खत्म हो गई है। आसपास की इमारतों में चल रहा निर्माण कार्य पूरी तरह बंद है। मजदूर परेशान घूम रहे हैं। वहीं, घटनास्थल के आसपास भीड़ खत्म हो गई है। बारिश होने से शनिवार को कुछ ही लोग वहां पहुंचे। हालांकि, पुलिस बल को घटनास्थल पर तैनात किया गया है।
शाहबेरी में बिल्डिंग के मलबे को हटाने और राहत-बचाव कार्य शुक्रवार को समाप्त हो गया था। एनडीआरएफ और प्रशासन के अफसर हट चुके थे। बचाव कार्य के दौरान गांव में चहल-पहल समाप्त हो गई थी। उम्मीद थी कि शनिवार को गांव में चहल-पहल होगी, लेकिन ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला। सुबह से ही बारिश हो रही थी। ऐसे में लोगों ने घर से बाहर निकलना जरूरी नहीं समझा। केवल कार सवार कुछ लोग घटना स्थल देखने पहुंचे, लेकिन बारिश के कारण कार से उतर नहीं सके। बाकी सब सामान्य रहा। गांव के अंदर चहल-पहल नहीं दिखी।