फैक्टरी की मशीन में फंसकर महिला का सिर धड़ से अलग
नई दिल्ली। नरेला स्थित प्लास्टिक दाने की एक फैक्टरी की मशीन में फंसकर एक महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की। जांच में पता चला कि काम करने के दौरान महिला की साड़ी मशीन में फंस गई थी, जिसकी वजह से यह घटना हुई। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर तफ्तीश कर रही है।
मरने वाली महिला की शिनाख्त शांति (58) के रूप में हुई है। शांति अपने पति संतराम व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ टिकरी खुर्द इलाके में रहती थी। वह चार साल से ई-ब्लॉक नरेला स्थित प्लास्टिक दाने की फैक्टरी में काम कर रही थी। 17 जुलाई को काम करने के दौरान उसकी साड़ी मशीन में फंस गई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि फैक्टरी में सुरक्षा में कोताही बरती गई थी। पुलिस फैक्टरी के लाइसेंस की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही सामने आने पर मालिक को गिरफ्तार किया जा सकता है। ब्यूरो