दिल्ली व हरियाणा समेत यूपी के अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ
ग्रेनो में शुरू हुआ 61वां अंतरराष्ट्रीय वस्त्र मेला
- केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, प्रदेश के मंत्री सत्यदेव पचौरी और विधायक पंकज सिंह ने किया उद्घाटन
- ज्वेलरी और गारमेंट्स के डिजाइनर ने प्रस्तुत किया फैशन शो, 345 प्रदर्शक और 1054 खरीददारों का रजिस्ट्रेशन
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-2 स्थित इंडिया एक्सपो मॉर्ट एंड सेंटर में सोमवार को 61वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय वस्त्र मेले का आगाज हुआ। 16 से 18 जुलाई तक तीन दिवसीय मेले का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, प्रदेश खादी ग्रामोद्योग कपड़ा मंत्री सत्यदेव पचौरी और विधायक नोएडा पंकज सिंह ने किया। इसमें मुख्यत: यूरोपीय संघ, संयुक्त राज्य अमेरिका और अन्य पश्चिमी बाजारों के बसंत/ग्रीष्म ऋतु के फैशन उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। सोमवर को फैशन शो में मॉडल्स ने नए अंदाज के साथ ज्वैलरी और वस्त्रों की डिजाइन पेश की।
इंडिया एक्सपो मॉर्ट एंड सेंटर में अभी तक फैशन ज्वैलरी और एसेसरीज का ही प्रदर्शन किया जाता था। पहली बार इसमें गारमेंट्स को भी शामिल किया गया है। मेले में 11 राज्यों दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तर प्रदेश, तामिलनाडु, राजस्थान से 345 प्रदर्शकों ने पेवेलियन में महिलाओं-पुरुषों और बच्चों के वस्त्रों के डिजाइन लगाए हैं। मेले में हिस्सा लेने के लिए ब्राजील, स्पेन, जापान, यूके, हांगकांग, फ्रांस, जर्मनी, रूस, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया आदि 63 देशों के 1054 अंतरराष्ट्रीय खरीददार आ रहे हैं। मेले में प्रत्येक दिन फैशन ज्वैलरी और वस्त्रों पर फैशन शो आयोजित किए जाएंगे। जिसमें देश के प्रमुख डिजाइनर अपनी डिजाइन प्रस्तुत करेंगे।
तीन दिनों में 130 करोड़ के निर्यात कारोबार की संभावना
वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषद के अध्यक्ष एचके मागू ने बताया कि यह एशिया में सर्वाधिक लोकप्रिय मेले के रूप में उभरा है। उन्होंने बताया कि भारतीय निर्यात वस्त्र उद्योग करीब दो हजार करोड़ रुपये का है। वर्ष 2018-19 में भारत की वस्त्र निर्यात में मंदी समाप्त हो गई है और इस वर्ष करीब 15 फीसदी वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके उन्होंने कहा कि संभवत: तीन दिनों के इस मेले में करीब 130 करोड़ रुपये के निर्यात कारोबार की संभावना है।