अनिल दुजाना और अमित कसाना को भी जान का खतरा
-मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद दहशत में हैं अपराधी
-कोर्ट में अर्जी देकर पेशी के दौरान सुरक्षा बढ़ाने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। बागपत जेल में मुन्ना बजरंगी की कड़ी सुरक्षा में हुई हत्या के बाद अपराधियों में दहशत छाया हुआ है। अब अनिल दुजाना और अमित कसाना ने भी कोर्ट में अर्जी देकर अपनी जान को खतरा बताया। उन्होंने पेशी के दौरान बुलेट प्रूफ जैकेट व सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
अधिवक्ता जितेंद्र नागर के मुताबिक अनिल दुजाना वर्तमान में महाराजगंज में बंद है। जब वह बांदा जेल में बंद था, तो गौतमबुद्धनगर और मुजफ्फरनगर पेशी पर लाने के दौरान उसके साथ एक वज्र वाहन और 21 से 22 अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी आते थे। इसके अलावा अनिल को बुलेटप्रूफ जैकेट भी मुहैया कराई जाती थी। अनिल को महाराजगंज जेल में स्थानांतरित किए जाने के बाद उसकी सुरक्षा कम कर दी गई है। उन्होंने अनिल दुजाना की जान को सुंदर भाटी गैंग से खतरा बताया है। वहीं लुकसर जेल में बंद अमित कसाना के बारे में इसी तरह की जानकारी देते हुए सुरक्षा की मांग की है। अधिवक्ता का कहना है कि दोनों की सुरक्षा को लेकर कोर्ट ने एसएसपी से रिपोर्ट मांगी है। इससे पहले कुलवीर भाटी भी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर चुका है।