व्यापारियों का राष्ट्रीय महाधिवेशन 23 से
नई दिल्ली। खुदरा व्यापार के बिगड़ते स्वरूप विषय पर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने दिल्ली में 23 से 25 जुलाई तक राष्ट्रीय महाधिवेशन करने का निर्णय लिया है। तीन दिवसीय अधिवेशन में व्यापारी खुदरा व्यापार में हो रहे बदलाव पर चर्चा करेंगे। उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।
कन्फेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में होने वाले अधिवेशन में डेढ़ हजार से अधिक व्यापारी नेता शामिल होंगे। इसमें जीएसटी के सरलीकरण, वालमार्ट-फ्लिपकार्ट डील, ई कॉमर्स की नीति, सीलिंग, फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्स एक्ट में संशोधन की मांग केंद्र सरकार से की जाएगी। अधिवेशन के निर्णयों से केंद्र सरकार को अवगत कराया जाएगा। केंद्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी, वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु, मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावेड़कर एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी अधिवेशन के विभिन्न सत्रों में शामिल होंगे। रेल मंत्री पियूष गोयल, सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद, उपभोक्ता मामलो के मंत्री रामविलास पासवान व पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी अधिवेशन में आमंत्रित किया गया है।