एक अगस्त से अंसल मॉल पर धरना देंगे किसान
-अंसल बिल्डर से प्रभावित किसानों ने डीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। अंसल बिल्डर से प्रभावित गांव रामगढ़, बोड़ाकी, दतावली, बील अकबरपुर, भोगपुर, कैमराला, चक्रसैनपुर आदि गांवों के किसानों ने एक अगस्त से अंसल मॉल पर धरना देने का एलान किया है। इस बाबत डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट गुंजा सिंह को सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बलराज भाटी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे किसानों ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 2006 में अंसल बिल्डर की 2504 एकड़ जमीन पर हाईटेक सिटी बसाने के लिए लाइसेंस दिया था। बिल्डर ने दलालों के माध्यम से औने-पौने दामों पर किसानों से जमीन खरीदी। प्राधिकरण की तर्ज पर बिल्डर से भी समझौता हुआ, लेकिन उन शर्तों को लागू नहीं किया गया। बिल्डर ने 12 साल बाद भी विकास कार्य नहीं कराए। किसानों ने नए भूमि अधिग्रहण कानून को लागू कराने, पूर्व में खरीदी गई जमीन का 10 फीसदी भूखंड देने, भूमिहीनों को 120 मीटर का भूखंड देने, जिन किसानों की जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई है, लेकिन जमीन के कीमत का भुगतान नहीं किया है उनको भुगतान किया जाए। अगर उनकी मांगों को नहीं पूरा किया गया तो एक अगस्त को अंसल मॉल पर धरना देंगे। इस दौरान वीर सिंह भाटी, धीरज प्रधान, अजब सिंह कसाना, राजीव नागर, धूम सिंह, सचिन बंसल, पद्म सिंह मौजूद रहे।
--------------
पूर्व सांसद जयंत चौधरी 19 जुलाई को आएंगे पारसौल
ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद जयंत चौधरी 19 जुलाई को पारसौल गांव में एक सभा को संबोधित करेंगे। ये जानकारी जिलाध्यक्ष जर्नादन भाटी ने सोमवार को रालोद कार्यालय पर आयोजित बैठक में पदाधिकारियों को दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के लोगों पर भाजपा सरकार ने बिजली की दर बढ़ाकर जबरन आर्थिक बोझ डाला है। इसके खिलाफ रालोद पार्टी 13 जुलाई से 12 अगस्त तक जिला स्तर पर प्रदेश में प्रदर्शन कर रही है। इस मौके पर मनोज चौधरी, विजेंद्र यादव, हरिओम भाटीब, सुधीर बाहुबली, किशन सिंह, विक्रांत भाटी, देवेंद्र लोहिया, राजेंद्र भाटी, अनिल चौधरी, अनिल राणा, नीरज शर्मा, योगेंद्र चौधरी मौजूद रहे। ब्यूरो