नालों की सफाई में लापरवाही से बारिश
में समूची दिल्ली हुई जाम : विजेंद्र गुप्ता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार के नालों की सफाई में लापरवाही बरतने से शुक्रवार को बारिश में समूची दिल्ली जाम हो गई। इतना ही नहीं, दिल्ली सचिवालय में भी पानी भर गया। इसके अलावा कोई सड़क ऐसी नहीं थी जहां पानी न भरा हो और जाम न लगा हो। एक बारिश ने सारी दिल्ली की गति को रोक दिया। लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
गुप्ता ने कहा कि शुक्रवार को मात्र 45 मिनट तक हुई बारिश में दिल्ली पूरी तरह जलमग्न और जाम हो गई। अगर बारिश लगातार कई घंटे तक हो जाती तो लोगों के घरों में भी दिल्ली सचिवालय की भांति पानी घुस जाता। बारिश से सभी प्रमुख सड़कें और मार्ग जलमग्न हो गए। अनधिकृत कॉलोनियों, पुनर्वास कालोनियों और ग्रामीण इलाकों में पानी भर गया। बारिश में पानी भरने का मुख्य कारण पीडब्ल्यूडी के नालों की सफाई नहीं होना रहा। पीडब्ल्यूडी के आंकड़ों के अनुसार, 1033 में से मात्र 387 सड़कों पर स्थित नालों की पूरी तरह सफाई हो पाई है। इस तरह 63 प्रतिशत नालों में सिल्ट अभी तक जमी हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और पीडब्ल्यूडी मंत्री मानसून की तैयारियों की समीक्षा करने के बजाए अधिकारियों से लड़ने और उपराज्यपाल के कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने में लगे रहे। दिल्ली सरकार नालों की सफाई न होने का दोषारोपण अधिकारियों पर डालकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है।