मुक्केबाजी में राहुल ने स्वर्ण पदक जीता
फरीदाबाद। दमन व दीव में संपन्न हुई राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में फरीदाबाद के राहुल फोगाट ने स्वर्ण पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया है। शहर पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया।
द्रोणाचार्य बॉक्सिंग क्लब के संचालक व कोच राजीव गोदारा ने बताया कि 25 से 31 दिसंबर तक दमन व दीव के खेल मैदान में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में राहुल ने 48 से 50 किलो भार वर्ग में दमन के मुक्केबाज अभिनव को हरा स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। 2018 में क्लब के खिलाड़ियों ने गुवाहाटी में 8 पदक जीते थे। कर्नाटका में हुई राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में लड़कियों ने 8 स्वर्ण पदक, 2 रजत व 2 कांस्य पदक हासिल किए थे।
यहां दिल्ली, मथुरा, पलवल से लड़कियां मुक्केबाजी सीखने आती हैं। उन्होंने कहा कि क्लब ने फरीदाबाद की मुक्केबाजों को बेहतर मंच उपलब्ध करवाया है। खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए राष्ट्रीय चैंपियन सुखविंदर, मुकेश व लड़कियों के लिए अलग से कोच नीरज रखी गई हैं।