हेडिंग: प्राधिकरण की एकमुश्त समाधान योजना सोमवार से
सामान्य प्रशासन के बकायेदारों के लिए शुरू होगी योजना
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सामान्य प्रशासन के बकायेदारों के लिए नोएडा प्राधिकरण सोमवार से एकमुश्त समाधान योजना लेकर आ रहा है। इसके तहत बकायेदार एक बार में ही भुगतान कर सकेंगे। इसमें उन्हें चक्रवृद्धि ब्याज के स्थान पर साधारण ब्याज पर बकाये के भुगतान का मौका मिलेगा। यह योजना दो माह तक चलेगी।
प्राधिकरण ने अपनी 1765 संपत्तियों को किराये पर दिया है। इसका किराया जमा करना होता है, लेकिन जिन्होंने यह संपत्तियां किराये पर ली हैं। वह किराया जमा करना भूल गए। ऐसे में प्राधिकरण सख्त हुआ है। प्राधिकरण का कहना है कि 1765 में से 798 संपत्तियां प्लेटफॉर्म की शक्ल में है, जो दुकानें चलाने के लिए किराये पर दी गई है। यह इस योजना में नहीं आएंगी। उनको पहले ही एक योजना में शामिल किया गया है। इसके अलावा बची हुई संपत्तियों के किरायेदार योजना का फायदा उठा सकते हैं। उन्हें 14 प्रतिशत साधारण ब्याज की दर पर एक बार में ही बकाया चुकाने का मौका मिलेगा। अधिकारियों का यह भी कहना है कि योजना का लक्ष्य करीब 110 बड़े बकायेदारों से पैसे की वसूली करना है। इसमें बैंक और पेट्रोल पंप सहित कई एजेंसियां हैं, जो नोएडा प्राधिकरण की संपत्ति को किराये पर लेकर अपना काम चला रहे हैं।