आईजीआई एयरपोर्ट पर पर्यटकों को 10 भाषा में मिलेगी जानकारी
एजेंसी
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अब पर्यटकों को 10 भाषाओं में जानकारी मिलेगी। एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि सोमवार को इस बाबत एक विशेष बूथ लगाया गया।
पर्यटन राज्य मंत्री के जे अलफॉन्स ने सोमवार को इस सुविधा बूथ का उद्घाटन किया। यहां पर विदेशी और घरेलू दोनों पर्यटकों 24 घंटे और सातों दिन यह सुविधा मिलेगी। इस बूथ पर दो कर्मी और एक सुपरवाइजर पर्यटकों के सवालों के जवाब देंगे और उनका मार्गदर्शन भी करेंगे।
यह बूथ मंत्रालय के हेल्पलाइन नं. 1363 से भी 24 गुना 7 जुड़ा रहेगा। इसकी खासियत यह है कि अंग्रेजी न जानने वाले पर्यटकों को फ्रेंच, जर्मन, इतालवी, पोर्चगीज, रशियन, जापानी, कोरियाई, चीनी और अरबी भाषा में जानकारी दी जाएगी। सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय ऐसे सुविधा बूथ मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, गया और वाराणसी में भी खोलेगा।