डायवर्जन ने किया परेशान, पुराने सेक्टरों में रहा असर
नोएडा। ट्रैफिक डायवर्जन ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया। बुधवार को बकरीद के कारण शहर के पुराने सेक्टरों में जगह-जगह रास्ता बंद किया गया था। इससे सुबह करीब 11 बजे तक लोगों को लंबी दूरी नापनी पड़ी।
सेक्टर-8 स्थित मस्जिद में नमाज के लिए उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रख ट्रैफिक पुलिस ने एक दिन पहले ही ट्रैफिक डायवर्जन की तैयारियों को अंजाम दे दिया था। बुधवार को सुबह ही मस्जिद के आसपास के रास्तों को बंद कर दिया गया था। उद्योग मार्ग पर झुंडपुरा तिराहे से वाहनों को सेक्टराें के अंदर की तरफ डायवर्ट किया गया, जबकि सेक्टर-6 पुलिस चौकी से सेक्टर-8 की तरफ जाने वाला रास्ता भी बंद रखा गया। व्यापार मार्ग पर डायवर्जन का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। बांस बल्ली बाजार स्थित मस्जिद में भी नमाज के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे थे, इसलिए इस रास्ते को भी बंद करना पड़ा। डायवर्जन के कारण इन रास्तों से गुजरने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर काटना पड़ा।