- आपूर्ति विभाग ने बृहस्पतिवार से वितरण किया शुरू, 3 मई तक रहेगा जारी
- 56,000 गैस सिलिंडर का किया जा चुका है वितरण
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। आपूर्ति विभाग गैस कंपनियों के साथ मिलकर आज श्रमिक दिवस पर छोटे सिलिंडर का विरतण करेगा। 5 किग्रा के कुल 15,000 गैस सिलिंडर का वितरण करने का लक्ष्य तय किया गया है। हालांकि ज्यादातर उद्योग बंद होने के कारण लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता है। इस कारण विभाग ने बृहस्पतिवार से वितरण शुरू कर दिया। जो चार दिन तक चलेगा। अफसरों ने बताया कि उद्योगों की तरफ से मिली सूची के आधार पर ही सिलिंडर दिए जाएंगे।
दरअसल गैस नहीं मिलने के कारण काफी श्रमिक जिले के पलायन कर चुके है। ऐसे में प्रशासन उनको छोटे गैस सिलिंडर उपलब्ध करवा रहा है। इस माह गैस कंपनियों की मदद से प्रशासन 5 किग्रा के कुल 56,000 गैस सिलिंडर का वितरण कर चुका है। इनमें 41,000 सिलिंडर भारत गैस और 15,000 सिलिंडर इंडेन कंपनी की तरफ से वितरित किए गए हैं। वहीं अब प्रशासन ने श्रमिक दिवस पर 5 किग्रा के कुल 15,000 गैस सिलिंडर का वितरण करने का लक्ष्य तय किया है। प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि श्रमिक दिवस पर ज्यादातर कंपनियां बंद रहेंगी। ऐसे में इनका वितरण बृहस्पतिवार से शुरू कर दिया गया है। 30 अप्रैल से 3 मई तक 15,000 सिलिंडर का वितरण होगा। हालांकि अभी तक उद्योगों से केवल 6000 सिलिंडर की मांग आई हैं। उन्होंने बताया कि उद्योगों की तरफ से मिलने वाली सूची के आधार पर ही सिलिंडर दिए जाएंगे।