संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला न्यायालय में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव डूंगरवास (बमारियाका) निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि उसका बेटा देवेंद्र 12वीं पास है और बेरोजगार है। उसकी पहचान सेक्टर-2 हुड्डा निवासी रामकेश शर्मा से थी। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर आरोपी ने जून 2023 में उसे बताया कि जिला न्यायालय पलवल और फरीदाबाद में प्रोसेस सर्वर (प्यादा) के पदों पर भर्ती निकली है। रामकेश शर्मा ने पीड़ित को कहा कि उसकी चंडीगढ़ में बड़े अधिकारियों से पहचान है। वह चार युवकों को नौकरी लगवा सकता है। इसके बदले प्रति व्यक्ति पांच लाख रुपये की मांग की।
इस पर ओमप्रकाश के बेटे देवेंद्र के अलावा अमित, अंकित और नरसिंह चौहान भी तैयार हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने पहले 4.20 लाख रुपये फोनपे के जरिए अपनी पत्नी के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए। वहीं, 10.80 लाख रुपये नकद अलग-अलग किश्तों में दिए गए। लेकिन साल 2024 में परिणाम आने पर चारों युवकों का चयन नहीं हुआ। जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करता रहा और मार्च 2025 में अपना मकान खाली कर फरार हो गया। भवन कुंड चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।