नूंह/पुन्हाना। अमर उजाला द्वारा मंगलवार को नूंह में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे उपायुक्त धीरेंद्र घड़गटा ने सम्मानित होने वाले बच्चों के स्कूलों को 15-15 लाख रुपये की ग्रांट देने की घोषणा की है। इससे अध्यापकों और बच्चों में खुशी की लहर है। जिला प्रशासन की ओर से उन स्कूलों में 10 लाख रुपये मनरेगा योजना के तहत और पांच लाख रुपये अन्य योजना के तहत खर्च किए जाएंगे। यह पांच लाख रुपये बच्चों के मुताबिक खर्च होंगे। इन्हें खेल और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए खर्च किया जा सकता है।
उपायुक्त ने कहा कि जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाना एक अच्छा कदम है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों ने माता-पिता के साथ-साथ अपने स्कूल, गांव और जिले का भी नाम रोशन किया है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी अनूप सिंह ने कहा कि जिले में मोहल्ला पाठशालाओं को बढ़ाया जा रहा है। उनका लक्ष्य है कि करीब 50 हजार बच्चाें को मोहल्ला पाठशाला से जोड़ा जाए।