क्षेत्र में वन्य जीवों के आबादी क्षेत्र में आने का सिलसिला थम नहीं रहा है। मंगलवार को रायपुर गांव में गन्ने के खेत में पहुंचे एक अजगर को विभागीय टीम ने रेस्क्यू किया। इससे पूर्व सोमवार देर शाम को खानपुर क्षेत्र में एक अजगर को रेस्क्यू किया गया था।
मंगलवार को लक्सर रेंज के रायपुर गांव में ग्रामीण खेत में काम कर रहे थे। इस दौरान उनकी नजर खेत में मौजूद एक विशालकाय अजगर पर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर विभाग की क्यूआरटी में शामिल गुरजंट सिंह, सुमित सैनी, शिवकुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्हाेंने अजगर को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
वन क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि अजगर की लंबाई 15 फीट थी। अजगर को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया है। वहीं, सोमवार रात को भी वन विभाग की टीम ने लक्सर खानपुर मार्ग पर 14 फीट लंबे अजगर को रेस्क्यू किया था। वन क्षेत्राधिकारी ने आबादी क्षेत्र में किसी वन्य जीव के नजर आने पर तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को देने की अपील की है।