ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण 130 मीटर रोड के अंडरपास से मकोड़ा तक बना रहा नाली
मुख्य नाले से जोड़ी जाएगी नाली, अंडरपास के आसपास के पानी को निकाला जाएगा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा।
पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्टे के पास 130 मीटर रोड पर बने अंडरपास में पानी भरने की समस्या छह माह में दूर होगी। प्राधिकरण यहां नाली का निर्माण करा रहा है। इसमें अंडरपास व आसपास के पानी को छोड़ा जाएगा। मकोड़ा गोलचक्कर के पास नाली को मुख्य नाले से जोड़ा जाएगा। योजना पर 15 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे। प्राधिकरण ने नाली बनाने का काम शुरू कर दिया है।
डीएफसीसी 130 मीटर रोड पर फ्लाईओवर का निर्माण कर रहा है जो अभी निर्माणाधीन है। इससे पहले डीएफसीसी ने दो अंडरपास बनाकर यातायात शुरू कर दिया लेकिन अंडरपास में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की। यहां मोटर पंप लगाए गए हैं, लेकिन पंप से बाहर निकाला गया पानी फिर से अंडरपास में आ जाता है। बाहर भी पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। अब प्राधिकरण अंडरपास से मकोड़ा गोलचक्कर तक 5 किमी तक नाली का निर्माण करा रहा है। अफसरों ने बताया कि 15.31 करोड़ की लागत से नाली और फुटपाथ का निर्माण होगा। दोनों तरफ नाली का निर्माण होगा ताकि पानी को मुख्य नाले तक पहुंचाया जा सके।