नोएडा में अवैध रूप से रह रहे चीन के 15 नागरिकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर दिल्ली स्थित डिटेंशन सेंटर भेज दिया। हिरासत में लिए गए 15 लोगों में एक महिला भी है। डिटेंशन सेंटर से सभी को चीन भेजने की तैयारी की जा रही है।
जिले की लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) की टीम को सूचना मिली थी कि जनपद के विभिन्न इलाकों में चीन के ऐसे नागरिक रह रहे हैं जिनका वीजा अवधि समाप्त हो चुकी है। पुलिस और एलआईयू ने सोमवार को अभियान चलाकर बीटा-दो कोतवाली क्षेत्र से दो, सेक्टर-113 कोतवाली क्षेत्र से तीन, सेक्टर-49 कोतवाली क्षेत्र से एक, फेज दो कोतवाली क्षेत्र से छह और सेक्टर-142 कोतवाली क्षेत्र से तीन चीन के नागरिकों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों की वीजा अवधि एक वर्ष पहले समाप्त हो चुकी थी। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद सभी नोएडा व ग्रेटर नोएडा की अलग अलग कंपनियों में काम कर रहे थे। हिरासत में लिए गए चीनी नागरिकों की पहचान चेन युंगंग, लियू किदा, ली पेंगजुआन, यू योंगफैन, लियू हे, कुई जिंगजेन, वांग जुनरांग, हौंग झुक्सिंग, देंग जियाक्वान, लियू बिंगबियाओ, लियू जियांगबो, झांग लिआंग, वू कांग, जिओ फेई और जियांगगुओ के रूप में हुई है।
नेपाल बॉर्डर से विदेशी नागरिकों को पकड़े जाने के बाद हुई सख्ती
जून में बिहार के सीतामढ़ी के पास नेपाल बॉर्डर से चीन के दो नागरिकों की गिरफ्तारी हुई थी। दोनों के पास वीजा नहीं था। पकड़े जाने पर उन्होंने ग्रेटर नोएडा में रहने का खुलासा किया था। उस वक्त नोएडा कमिश्नरेट पुलिस की लापरवाही पर सवाल खड़ा हुआ था। इसके बाद से नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध तरीके से रह रहे चीन के नागरिकों के खिलाफ अभियान चलाया था। जिसके तहत कई विदेशी पकड़े गए थे। यह अभियान अभी भी जारी है। इसी अभियान के तहत अवैध रूप से रह रहे चीन के 15 नागरिकों को हिरासत में लिया गया है।