साक्षात्कार शुरू, जल्द दूर होगी मॉडल स्कूलों में अध्यापकों की कमी
नूंह। जिले में चल रहे मेवात मॉडल स्कूलों में जल्द ही अध्यापक व प्राध्यापकों की कमी दूर होगी। इसके लिए मेवात विकास बोर्ड ने जो रिक्तियां निकाली थी, उसकी लिखित परीक्षा कराकर साक्षात्कार शुरू करा दिया है। सोमवार को एमडीए कार्यालय में प्राध्यापकों का साक्षात्कार लिया गया। जिसमें उपायुक्त पंकज की अध्यक्षता में गठित की गई कमेटी में कई अधिकारी व विषय विशेषज्ञ शामिल किए गए।
जिले में नौ मेवात मॉडल स्कूल चल रहे हैं। जिनमें करीब 45 पीआरटी, टीजीटी व पीजीटी पद पर भर्ती करनी है। इसके लिए एमडीए द्वारा कई महीने पहले आवेदन मांग कर लिखित परीक्षा ली थी। इसमें हजारों युवाओं ने परीक्षा दी। जिन आवेदकों ने परीक्षा पास की है, उनमें से तीन आवेदकों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। सोमवार को साक्षात्कार की शुरुआत हो गई। उम्मीद की जा रही है कि अगले एक महीने में इस भर्ती के सभी आवेदकों का साक्षात्कार लेकर भर्ती पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद इन स्कूलों में पढ़ाई के ढर्रा में कुछ सुधार होने की उम्मीद है। एमडीए के प्रोजेक्ट ऑफिसर शमीम अहमद ने बताया कि उपायुक्त की अध्यक्षता में साक्षात्कार लिया जा रहा है। प्रशासन अध्यापकों की कमी को दूर करने के लिए तत्पर है। ब्यूरो