ऑनलाइन खरीदारी से छोटे दुकानदारों को हो रहा नुकसान
गुरुग्राम। ई-कॉमर्स की वजह से परंपरागत बाजार की चाल बिगड़ रही है। ऑनलाइन खरीदारी करने में लोगों की रूचि बढ़ने से छोटे दुकानदारों के कारोबार प्रभावित हो रहा है। ऑनलाइन बिक्री करने वाली कंपनी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए भारी छूट दे रही है, जबकि छोटे दुकान छूट नहीं देते हैं। इस कारण लोग ऑनलाइन खरीदारी करने लग गए है। दिल्ली-एनसीआर में समय की कमी और विकल्प की बहुलता के कारण लोग तेजी से ऑनलाइन की ओर आकर्षित हो रहे हैं। ऑनलाइन सेल पर भारी छूट का फायदा उठाने के लिए भी लोग खरीदारी कर रहे हैं। इसके कारण छोटे दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मार्जिन ने बिगाड़ा खेल
गुरुग्राम व्यापार मंडल के अध्यक्ष बबलू गुप्ता बताते हैं कि इलेक्ट्रॉनिक समेत ऑनलाइन कारोबार करने वाले थोक में माल खरीदते हैं। इस कारण उनका माल सस्ता मिल जाता है। इसके अलावा वह माल में बचत भी कम रखते हैं। इस कारण वह छूट दे देते हैं, क्योंकि उनको ग्राहकों का इंतजार नहीं करना पड़ता। जरूरतमंद व्यक्ति ऑनलाइन सामान सर्च करता रहता है और उसे जो पसंद आता है और सस्ता मिलता है उसे वह तत्काल खरीद लेता है, जबकि बाजारों में कारोबार करने वाले दुकानदारों के समक्ष स्थिति एकदम उलट है। वह किसी भी सामान के कुछ ही पीस खरीदकर लाते हैं। इस कारण वह छूट देने की स्थिति में नहीं होते हैं। उनके पास ग्राहक काफी कम होते हैं।
ऑनलाइन जैसी छूट और विकल्प नहीं
व्यापार मंडल के पदाधिकारी दीपांशु अग्रवाल की रेडीमेट कपड़े की दुकान है। वह बताते हैं कि हम सभी साइज के कुछ ही पीस रखते हैं। इस कारण ग्राहकों के पास बहुत कम पसंद के विकल्प होते हैं, जबकि ऑनलाइन खरीदारी करने के दौरान यह समस्या नहीं होती है। इस कारण भी लोग ऑनलाइन खरीदारी करने की ओर आकर्षित हो रहे हैं। लिहाजा उन्होंने ऐसे कपड़े रखने शुरू कर दिए है जो ऑनलाइन उपलब्ध नहीं है।
कपड़ा कारोबारी सुरेश ने बताया कि ऑनलाइन खरीदारी की ओर लोगों का रूख होने के कारण उन्होंने अपना कारोबार भी ऑनलाइन खरीदारी और बेचने का कार्य शुरू कर दिया है। इस कार्य में बचत तो कम होती है, लेकिन बिना कुछ खर्च किए कुछ रुपये बच जाते हैं।