हेडिंग: बारिश और जलभराव से जाम ने किया बेहाल
नोएडा। मानसून की पहली बारिश में ही नोएडा की सड़कें स्वीमिंग पूल बन गईं। शहर की प्रमुख सड़कों पर जलभराव के कारण जगह-जगह जाम से वाहन रेंगते नजर आए। पीक आवर में हालात बेहद खराब हो गए।
शहर के प्रमुख स्थल डीएनडी लूप पर प्रत्येक वर्ष जलभराव होता आया है। इस बार काफी तैयारी की गई, लेकिन हुआ वही जो पहले भी होता रहा। यहां जलभराव के कारण काफी लंबा जाम लग गया। हालात ऐसे रहे कि डीएनडी से लेकर दलित प्रेरणा स्थल तक लंबा जाम लग गया। इसके अलावा लिंक रोड पर चिल्ला से लेकर महामाया फ्लाईओवर तक जाम से वाहनों के पहिए थम गए। इसी तरह से सेक्टर-60 चौराहे पर जाम लग गया। यहां चौराहे को बंदकर रूट को डायवर्ट किया गया। इसी तरह से सेक्टर-18 के महत्वपूर्ण स्थल पर जलभराव से हालात बेहद बुरे हो गए। वाहन चालकों के अलावा पैदल चलने वालों को भी बेहद मुश्किलें आईं। इसी तरह से सेक्टर-22 में भी जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। सीवर का काम होने से सड़क पर कीचड़ भर गया। हालांकि, नोएडा प्राधिकरण का दावा है कि इस बार मानसून की बारिश के दौरान पानी निकालने के लिए कई प्रबंध किए गए हैं, लेकिन यह प्रबंध फिलहाल कारगर साबित नहीं हो रहे हैं।