अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता ही ले सकेंगे भाग
फरीदाबाद। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अब स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। बेहतर प्रदर्शन के लिए हरियाणा शिक्षा विभाग ने खेल नियमों में बदलाव किया है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 17 अगस्त से शुरू हो रही है, ऐसे में सबकी नजर बेहतरीन खेल खेलने पर रहेगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होना अब पहले की तरह आसान नहीं होगा।
अब तक जिले स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजा जाता था। जिले स्तर से यदि तीन खिलाड़ियों को चुनकर राज्य के लिए भेजा जाता है तो भी चयन की संभावना रहती है। विभाग का मानना है कि होनहार खिलाड़ियों के शामिल होने से राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए पदक की उम्मीद रहेगी। जिले के विभिन्न स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिता को लेकर ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। 17 अगस्त से लड़कों का एवं 20 अगस्त से लड़कियों की जिला स्तरीय प्रतियोगिता होगी।
---
बयान-
नए नियमों को लेकर स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं। अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
-बुद्धिराम धनकड़, जिला सहायक शिक्षा खेल अधिकारी, फरीदाबाद